बलौदा बाजार हिंसा : अलग-अलग संगठनों के 20 प्रमुख समेत 132 लोग गिरफ्तार, अब सोशल मीडिया पर भी प्रशासन का पहरा

 बलौदा बाजार : हिंसा मामले में पुलिस ने अब तक 132 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनमे अलग अलग संगठन के 20 प्रमुख भी शामिल हैं। गिरफ्तार हुए आरोपियों में भीम रेजिमेंट के संभाग अध्यक्ष जीवराखन बांधे और प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश सोनवानी भी शामिल हैं। बलौदा बाजार पुलिस ने कुल 7 टीमें बनायी है जो प्रदेश भर से आरोपियों कि पतासाजी में जुटी हुई हैं।

आपको बता दें कि इस हिंसा में अलग अलग संगठन के करीब 20 प्रमुख शामिल हैं जिनमे मुख्य रूप से भीम आर्मी, भीम रेजिमेंट भीम क्रांतिवीर, क्रांति सेना, इंडियन सतनामी समाज, और सतनाम समाज से संबंधित कई संगठनों के नाम सामने आये हैं। सोशल मीडिया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की लगातार कार्यवाही जारी है। इसके साथ ही प्रशासन ने आज सोशल मीडिया पर भी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

बलौदाबाजार में हुई हिंसा मामले में तत्कालीन कलेक्टर और एसपी के निलंबन को लेकर बलरामपुर पहुंचे कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया जो दोषी पाये गये हैं उन पर सरकार ने कार्यवाही की है।

वहीं भाजपा के 3 मंत्रियों द्वारा प्रेस कांफ्रेंस कर कांग्रेस विधायकों व नेताओं के द्वारा हिंसा भड़काने का आरोप लगाने के मामले पर उन्होंने कहा कि समूचे घटनाक्रम की जांच की जा रही है, उसके बाद जो भी दोषी पाये जाएंगे उनके विरुद्ध कार्यवाही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *