रायपुरः छत्तीसगढ़ में मानसून के एक्टिव होने के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग में बस्तर संभाग सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।
मौसम की मानें तो एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर 1.5 किमी से 5.8 किमी ऊंचाई तक फैला है। यही वजह है कि मौसम विभाग ने बस्तर और रायपुर संभाग में बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक बीजापुर जिले में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा बलौदा बाजार, दुर्ग, धमतरी और बस्तर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वही कल 29 जून को उत्तर छत्तीसगढ़ में भी बारिश के आसार है।
गुरुवार को प्रदेश भर में बलरामपुर सर्वाधिक गर्म रहा। एआरजी बलरामपुर का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार रायपुर का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा है। इन दिनों तापमान बढ़ने से गर्मी व उमस भी थोड़ी बढ़ने लगी है,हालांकि शाम के वक्त मौसम का मिजाज थोड़ा बदल रहा है।