नई दिल्ली : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्तीय वर्ष 2024-25 का आम बजट पेश किया। इस बजट में किसानों और कृषि क्षेत्र के लिए 1.52 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह बजट किसानों और युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं लेकर आया है, जिससे देश के कृषि क्षेत्र में बड़ा सुधार होने की संभावना है।
वित्त मंत्री ने कहा कि किसानों की सहायता के लिए 32 खेत और बागवानी फसलों की 109 नई उच्च उपज वाली और जलवायु लचीली किस्में जारी की जाएंगी। अगले दो वर्षों में, एक करोड़ किसानों को प्रमाणीकरण और ब्रांडिंग के माध्यम से प्राकृतिक खेती में शामिल किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बजट की तारीफ करते हुए इसे अमृतकाल का महत्वपूर्ण बजट बताया। यह बजट न केवल कृषि क्षेत्र के विकास में सहायक होगा, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादन को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।