छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, ओलंपिक में मेडल जीतने पर मिलेंगे करोड़ों रुपए, सीएम साय ने किया ऐलान

रायपुर :  छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य खेल अलंकरण 2024 के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव द्वारा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस पर सम्मानित किया जा रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य खेल अलंकरण समारोह में ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को तीन करोड़ रुपए, रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को दो करोड़ रुपए और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को एक करोड़ रुपए की पुरुस्कार राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि, पिछले पांच सालों में राज्य में राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन नहीं हुआ। हमारी सरकार ने खिलाड़ियों की पीड़ा महसूस की और राज्य खेल अलंकरण समारोह पुनः आयोजित करने का निर्णय लिया। इस वर्ष दो बार खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। पहला अलंकरण समारोह इसी साल 14 अगस्त को आयोजित किया गया। इसमें वर्ष 2019-20 तथा वर्ष 2020-21 के लिए 133 खिलाड़ियों को 01 करोड़ 41 लाख रूपए की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार आज राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर वर्ष 2021-22 तथा वर्ष 2022-23 के खिलाड़ियों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित कर रहे हैं। साथ ही हम राष्ट्रीय चैम्पियनशिप वर्ष 2021-22 तथा वर्ष 2022-23 के विजेता खिलाड़ियों का भी सम्मान कर रहे है। आज इस समारोह में 01 करोड़ 36 लाख रूपए की पुरस्कार राशि खिलाड़ियों को प्रदान की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हम खेल प्रतिभाओं को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अच्छी अधोसंरचना तथा प्रशिक्षण के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को निखारेंगे ताकि हमारे खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और भी बढ़िया प्रदर्खेशन कर छत्तीसगढ़ का नाम रौशन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *