मनेंद्रगढ़: प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल आज शाम अचानक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड में भर्ती मरीजों से बात कर इलाज की जानकारी भी ली। अस्पताल में मौजूद डाक्टर और स्टाफ से भी चर्चा कर जानकारी ली।
इस दौरान मंत्री जायसवाल ने अस्पताल में सफाई और छत की रिपेयरिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि एक सप्ताह अंदर सभी काम पूरे होने चाहिए। वहीं मंत्री जायसवाल ने 2 दिन में सफाई व्यवस्था सही नहीं करने पर टेंडर निरस्त करने के निर्देश भी दिए। बहरहाल स्वास्थ्य मंत्री के इस एक्शन से अब मनेंद्रगढ़ अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था सुधरने की उम्मीद जगी है। आपको बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री के अस्पताल में निरीक्षण की जानकारी सीएमएचओ और एसडीएम तक को नहीं लगी।