प्रदेश वासियों के लिए राहत भरी खबर,बस्तर में आठ, रायपुर में 11 जून को पहुंचेगा मानसून

रायपुर : इस वर्ष छत्तीसगढ़ में मानसून निर्धारित समय से पांच दिन पहले पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून इस वर्ष आठ जून तक बस्तर क्षेत्र में प्रवेश कर जाएगा। अभी दक्षिण पश्चिम मानसून तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। उसके आगे बढ़ने की रफ्तार यथावत रही तो 11 जून को मानसून रायपुर पहुंच जाएगा और 15 जून तक पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो जाएगा।

इधर, रविवार को मौसम का मिजाज बदला और प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। हवा में ठंडकता आने से तपिश से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में थोड़ी और गिरावट आएगी। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

अगले चार से पांच दिनों में मानसून दक्षिण छत्तीसगढ़ तक पहुंच जाएगा। ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 1.5 किमी ऊंचाई तक फैला है। इसके प्रभाव से मंगलवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में अंध़ड़ चलने के साथ बिजली भी गिर सकती है। तापमान गिरा और गर्मी से मिली थोड़ी राहत सप्ताह के पहले दिन सोमवार को रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में गिरावट आ गई।

रायपुर का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा। प्रदेश भर में मुंगेली सर्वाधिक गर्म रहा, वहां अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज छाए रहेंगे बादल, हल्की वर्षा के आसार रायपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में बुधवार को बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश के भी आसार हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तो अंधड़ के साथ बिजली भी गिर सकती है। आने वाले कुछ दिन अभी मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *